DniNews.Live

नोएडा में युवक की हत्या मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार:शव छिपाने की कोशिश की थी, सर्विलांस की मदद से पकड़े गए

ग्रेटर नोएडा की नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने एक युवक की हत्या का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने हत्या को सड़क हादसे का रूप देने और शव को छिपाने की कोशिश की थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार, हथियार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से अमरपाल, अमित कुमार और सनी को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई इको कार, हत्या में प्रयुक्त एक लोहे का पाना, तीन मोबाइल फोन और एक अवैध तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। जांच में सामने आया कि मृतक अमित उर्फ भोंचू के खिलाफ अमरपाल के पक्ष की एक नाबालिग से बलात्कार का मुकदमा दर्ज था, जिसमें अमित जेल गया था। जेल से बाहर आने के बाद दोनों पक्षों के बीच मनमुटाव चल रहा था। 23 मार्च को अमरपाल, अमित और सनी अपनी इको कार से बागेश्वर धाम, मध्य प्रदेश घूमने गए थे। इसी दौरान अमरपाल को अपनी भाभी के माध्यम से सूचना मिली कि अमित उसके घर के पास देखा गया है। इसके बाद अमरपाल ने अपना फोन बंद कर लिया और अपने साथियों के साथ मिलकर बागेश्वर धाम से लौटते समय अमित उर्फ भोंचू की हत्या की योजना बनाई। 25 मार्च को अमित उर्फ भोंचू परीचौक के पास इन तीनों को मिल गया। आरोपियों और अमित के बीच कुछ कहासुनी हुई, जिसके बाद अमित उर्फ भोंचू जीरो पॉइंट की तरफ भागने लगा। अमरपाल ने जान से मारने की नीयत से अपनी इको कार उस पर चढ़ा दी। इसके बाद तीनों आरोपियों ने अमित उर्फ भोंचू को कार में डाला और लोहे के पाने से उसके सिर पर वार किया। बाद में, वे शव को ग्राम सफीपुर के अंडरपास के पास श्मशान को जाने वाले सुनसान कच्चे रास्ते पर ले गए। वहां उन्होंने अमित उर्फ भोंचू के शव को कार से उतारकर कच्चे रास्ते में फेंक दिया और फरार हो गए।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *