जैसे ही आधी रात को घड़ी की सूई 12 पर पहुंची, शहर के गिरजाघर मेरी क्रिसमस क्रिसमस से गूंजने लगा। प्रभु यीशु के जन्मोत्सव पर विशेष प्रार्थना कर कैंडल जलाए गए। केक काटकर एक-दूसरे से गले मिले और क्रिसमस की बधाई दी। चरनी में माता मरियम और प्रभु यीशु के बाल रूप की सजी झांकियों को देखने के लिए भीड़ उमड़ी। गुरुवार सुबह गिरजाघरों में मेले का आयोजन किया जाएगा। क्रिसमस पर शहर के गिरजाघरों में बुधवार की रात विशेष प्रार्थना सभा व कैरोल गायन किया गया। लेनिन चौक स्थित संत फ्रांसिस असीसी चर्च में रात 11:30 बजे से कैरोल गायन और जागरण कर मिस्सा हुआ। जैसे ही आधी रात को प्रभु यीशु के जन्म की घोषणा हुई, पूरा परिसर जयकारों और प्रार्थनाओं से गूंज उठा। इसके बाद केक कटिंग कर जन्मोत्सव का जश्न मनाया गया। उधर, चक्कर मैदान चौक स्थित क्राइस्ट चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया में भी क्रिसमस को लेकर खास तैयारियां की गई थीं। गुरुवार की सुबह चर्च में विशेष प्रार्थना की जाएगी। चर्च को आकर्षक ढंग से सजाया गया। वहीं, रात में ईसाई समाज के लोगों ने चर्च में एकत्र होकर आराधना की और प्रभु यीशु के उपदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। उधर, गोशाला रोड स्थित जैक्सन मेमोरियल मेथोडिस्ट चर्च में माता मरियम और चरनी की झांकियां सजाई गईं। आधी रात को पास्टर अनुग्रह जॉय ने चर्च में प्रभु के सामने प्रार्थना की। उन्होंने बताया कि प्रभु यीशु मसीह प्रेम, शांति, करुणा और भाईचारे का संदेश लेकर संसार में आए थे।
https://ift.tt/MFWrzxa
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply