DniNews.Live

सीतापुर में दो पक्षों में लाठी-डंडे चले, 9 घायल:पुरानी रंजिश में विवाद, पुलिस ने दोनों ओर से केस दर्ज किया

सीतापुर के खैराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मुलायमपुर में रविवार शाम दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें कुल 9 लोग घायल हो गए। पुलिस को दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल में जुटी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव निवासी सचिन रविवार देर शाम घर से कूड़ा लेकर बाग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद मकरंद रंजन ने अपने साथियों के साथ मिलकर सचिन को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। सचिन की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से जमकर मारपीट होने लगी। घायलों में दोनों पक्षों में दत्यपाल, पिंटू, मकरंद, रजनीश, सुरेश, संदीप, अमर सिंह, सुशील और सचिन शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही खैराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही किसी बात को लेकर विवाद और रंजिश चली आ रही थी, जो इस घटना का कारण बनी। खैराबाद पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *