बदायूं HPCL मामले में फरार आरोपी अजय के ताऊ राकेश सिंह का परिवार अब खुद को उससे अलग बता रहा है। राकेश सिंह की पत्नी ब्राह्मदेवी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अजय से कोई संबंध न होने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगा रही हैं। 30 सेकंड के इस वीडियो में सैजनी गांव निवासी ब्राह्मदेवी ने कहा, “मेरे पति और बेटों को प्लांट के कांड में फंसाया जा रहा है। मेरे घर का हत्यारोपी अजय से कोई संबंध नहीं है। हमारा घर, संपत्ति और जमीन सब अलग है। हम अजय से 40 साल पहले ही अलग हो गए थे।” उन्होंने आगे कहा कि उनके पति अस्थमा के मरीज हैं और मुख्यमंत्री से हाथ जोड़कर अपने परिवार को बचाने की अपील की। इस घटना के बाद अजय को मुठभेड़ के बाद जेल भेज दिया गया था। वहीं, पुलिस ने राकेश सिंह को रडार पर ले लिया। राकेश अपने परिवार सहित वारदात के बाद से फरार है। गांव से इस परिवार तक मामले की हर जानकारी पहुंचने के कारण गांव वाले भी इस विषय पर खुलकर बात करने से बच रहे हैं। दूसरी ओर, प्रशासन ने राकेश सिंह की दुकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की है। इसके साथ ही, 53 दुकानों को कब्जे में लेकर तहसीलदार की अदालत में वाद दायर किया गया है। राकेश सिंह पर सरकारी जमीन पर बाजार लगाकर उगाही करने, सरकारी जमीन पर गेस्ट हाउस बनाने और अपनी जमीन का बैनामा कराकर खरीदारों को सरकारी जमीन पर कब्जा दिलाने के आरोप में कई मामले दर्ज किए गए हैं। राकेश के बेटे अभय के कुछ ऑडियो भी सामने आए हैं, जिनमें वह पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप के प्रतिनिधि रहे एक व्यक्ति से कथित तौर पर गालीगलौज कर रहा है। मौजूदा विधायक के बेटे और ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह के साथ-साथ तत्कालीन सीओ दातागंज केके तिवारी के साथ मंच साझा करते हुए राकेश की तस्वीरें भी सामने आई हैं। असिस्टेंट मैनेजर हर्षित मिश्रा के परिजनों ने विधायक को भी इस घटना का जिम्मेदार ठहराया है। अब आरोपी पक्ष ने अपनी सफाई पेश की है।

Leave a Reply