अयोध्या जिले में इस वर्ष वर्षा ऋतु के दौरान बड़े स्तर पर पौधारोपण महाअभियान चलाया जाएगा। शासन द्वारा लक्ष्य निर्धारित किए जाने के बाद वन विभाग सहित कुल 26 विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस अभियान के तहत जिले में कुल 43 लाख 99 हजार 446 पौधे रोपे जाएंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए जुलाई के पहले सप्ताह में वन महोत्सव के दौरान जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक लोग इस पर्यावरणीय पहल से जुड़ सकें। इस महाअभियान में सबसे बड़ी जिम्मेदारी वन विभाग को सौंपी गई है, जिसे 20 लाख 50 हजार पौधे रोपित करने का लक्ष्य मिला है। वहीं ग्राम्य विकास विभाग को 12 लाख 24 हजार 786 पौधे लगाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा पंचायतीराज विभाग 13 लाख 9 हजार, कृषि विभाग 2 लाख 76 हजार और पर्यावरण विभाग 2 लाख 48 हजार पौधों का रोपण करेगा। अन्य विभागों की बात करें तो राजस्व विभाग 1 लाख 15 हजार, उद्यान विभाग 1 लाख 69 हजार, नगर विकास विभाग 23 हजार, लोक निर्माण विभाग 13 हजार, सिंचाई विभाग 13 हजार, माध्यमिक शिक्षा विभाग 8 हजार, बेसिक शिक्षा विभाग 14 हजार, उच्च शिक्षा विभाग 19 हजार, स्वास्थ्य विभाग 10 हजार और परिवहन विभाग 3 हजार पौधे लगाएंगे। इसके अलावा औद्योगिक विकास, उद्योग, सहकारिता, पशुपालन, विद्युत निगम, रेलवे, रक्षा, श्रम, प्राविधिक शिक्षा और पुलिस विभाग को भी अलग-अलग लक्ष्य दिए गए हैं। प्रभागीय वनाधिकारी प्रखर गुप्ता ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सभी विभागों को लक्ष्य आवंटित कर दिया गया है और उसकी तैयारी तेजी से चल रही है। पौधशालाओं में गुणवत्तापूर्ण पौध तैयार किए जा रहे हैं, ताकि रोपण के बाद उनकी जीवित रहने की दर अधिक हो। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता इस अभियान की सफलता की कुंजी होगी, जिसके लिए व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

Leave a Reply