हरदोई जिले की बिलग्राम तहसील के पुरबावां गांव की दीप्ती वर्मा ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की परीक्षा में पूरे प्रदेश में छठवीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे जनपद में हर्ष का माहौल है। दीप्ती वर्मा ग्राम पुरबावां निवासी देवेंद्र सिंह की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता ने यह सिद्ध किया है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि के युवा भी बड़े लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं। मल्लावाँ विधायक आशीष सिंह ‘आशू’ ने दीप्ती की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। विधायक ने बताया कि दीप्ती वर्मा ने अपनी मेहनत से न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे समाज का नाम रोशन किया है। विधायक आशीष सिंह ने दीप्ती के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। ग्रामीणों और परिजनों ने दीप्ती की सफलता पर मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। उनका मानना है कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करेगी।

Leave a Reply