बिजनौर के किरतपुर में एक हिंदू युवक के वाहन में आग लगाने के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी मन्नान को गिरफ्तार कर लिया है। मन्नान कथित तौर पर मुख्य साजिशकर्ता से टेलीग्राम के माध्यम से जुड़ा हुआ था। यह घटना 4 मार्च (धुलेंडी) को हुई थी, जब मोहल्ला झंडा निवासी निमिष रस्तोगी के ‘हिंदू’ लिखे छोटे मालवाहक वाहन में आग लगा दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने 12 मार्च को मोहल्ला अफगानान निवासी अबूजर राइन को गिरफ्तार किया था। अबूजर ने पूछताछ में बताया था कि उसने मुंबई में रह रहे अपने मौसेरे भाई जैद से पैसे मांगे थे। जैद ने उसे टेलीग्राम पर अबूबकर नामक व्यक्ति से बात कराई थी। अबूबकर के कहने पर ही अबूजर ने वाहन में आग लगाई थी और इसका वीडियो जैद के माध्यम से अबूबकर को भेजा था। पुलिस ने इस मामले में 20 मार्च को जैद को भी गिरफ्तार कर लिया था। अब पुलिस ने जैद के दोस्त और मोहल्ला लुकमानपुरा निवासी मन्नान को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, मन्नान डेढ़ साल पहले मोरना में पेंटिंग का काम करता था, जहां उसकी मुलाकात जैद से हुई थी। करीब डेढ़ साल पहले दोनों मुंबई के पनवेल चले गए और सैलून में काम करने लगे थे। मन्नान भी जैद के माध्यम से ही अबूबकर के ग्रुप से जुड़ा था। संदिग्ध आरोपी अबूबकर कथित तौर पर टेलीग्राम ग्रुप के जरिए युवकों की धार्मिक भावनाएं भड़का रहा था और उन्हें ऐसी घटनाओं को अंजाम देने के लिए तैयार कर रहा था। पुलिस जांच में जुटी है और अबूबकर से जुड़े एक दर्जन से अधिक अन्य युवकों की तलाश कर रही है, जिनके नाम सामने आए हैं। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे कोर्ट में पेश किया गया है।

Leave a Reply