DniNews.Live

यमुनानगर में मायके से लौट रही महिला की मौत:पति ने बाथरूम के लिए रोकी थी मोटरसाइकिल, तेज रफ्तार बाइक ने पत्नी को कुचला

यमुनानगर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक मामला सामने आया है, जिसमें सड़क किनारे खड़ी महिला को टक्कर मारने से उसकी मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब महिला अपने पति और बेटे के साथ मायके से वापस लौट रही थी। हादसे के बाद आरोपी चालक अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जबकि घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल यमुनानगर की मोर्चरी में रखवा दिया, जिसका आज पोस्टमार्टम होगा। वहीं आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पति ने बाथरूम के लिए रोकी थी बाइक सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में सुन्दर सिंह निवासी गांव कोतरखाना, थाना छप्पर ने बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करता है और उसकी शादी करीब 11 साल पहले पायल निवासी गांव लुगदड़ी, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के साथ हुई थी। उनके एक 6 साल का बेटा है जिसका नाम गुरमीत सिंह है। शनिवार को वह अपनी पत्नी पायल और बेटे गुरमीत के साथ अपनी मोटरसाइकिल नंबर पर पत्नी के मायके गांव लुगदड़ी गए थे। इसके बाद रविवार देर शाम वे तीनों वहां से अपने घर वापस लौट रहे थे। जब वे औरंगाबाद पुल से थोड़ा आगे पहुंचे, तो सुन्दर सिंह ने अपनी मोटरसाइकिल सड़क के किनारे साइड में खड़ी कर दी और खुद बाथरूम के लिए सड़क के पास चला गया, जबकि पायल मोटरसाइकिल के पास ही खड़ी थी। बाइक छोड़कर फरार हुआ आरोपी इसी दौरान सहारनपुर की तरफ से एक मोटरसाइकिल चालक तेज रफ्तार, गफलत और लापरवाही से अपनी मोटरसाइकिल चलाते हुए आया और उसने साइड में खड़ी पायल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पायल का सिर सीधे सड़क पर जा लगा और वह मौके पर ही बेहोश हो गई। आरोपी चालक अपनी मोटरसाइकिल को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पीछे से एक अज्ञात कार चालक आया, जिसने उसे और उसकी घायल पत्नी पायल को अपनी कार में बैठाकर गाबा अस्पताल, यमुनानगर पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने जांच के बाद पायल को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया, जिसका आज पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *