सहारनपुर के थाना नकुड़ क्षेत्र के गांव टिडौली में भाजपा नेता की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने गांव के ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस के अनुसार, भाजपा नेता और अंबेडकर मंडल के उपाध्यक्ष धर्म सिंह कोरी (65) की गोली मारकर हत्या की गई थी। इस हत्याकांड में गांव के दो युवक और एक बाहरी युवक शामिल था। महिला को देह व्यापार में धकेलने का विरोध बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि धर्म सिंह कोरी ने पूर्व में एक महिला की शादी कराई थी। शादी के बाद महिला अपने ससुराल गई, जहां वह कुछ गलत लोगों की संगत में पड़ गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने उसे देह व्यापार में धकेल दिया। जब महिला के ससुराल वालों को इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने इसकी शिकायत महेंद्र (धर्म सिंह) से की। इसके बाद महेंद्र ने महिला को ससुराल से बाहर भेज दिया और गांव में भी उसका आना-जाना बंद करवा दिया। पुलिस के मुताबिक, इसी बात से आरोपी महेंद्र से नाराज थे और उसे रास्ते से हटाना चाहते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि महेंद्र की हत्या के बाद महिला की गांव में दोबारा एंट्री हो जाती और देह व्यापार का धंधा बेरोकटोक चलता। महिला से देह व्यापार करवाने के बदले आरोपी कमीशन लेते थे। शादी के शोर में हत्या की साजिश
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 6 नवंबर की रात गांव में कई शादियां हो रही थीं। उन्होंने इसी मौके को चुना ताकि पटाखों की आवाज में गोली चलने की आवाज दब जाए।
आरोपियों ने बताया कि वे शाम से ही महेंद्र की हत्या के फिराक में थे। जहां महेंद्र सोता था, वहां लोगों का आना-जाना लगा रहता था। रात करीब 11 बजे महेंद्र के बेटे ने उन्हें चाय बनाकर दी और घर चला गया। इसके करीब दो घंटे बाद जब महेंद्र सो गए, तभी आरोपियों ने बेहद नजदीक से उनके सिर में गोली मार दी और फरार हो गए। भाजपा में सक्रिय भूमिका, मिलनसार छवि
ग्रामीणों के अनुसार, धर्म सिंह कोरी वर्ष 2014 में भाजपा में शामिल हुए थे। इससे पहले वे बसपा नेता महीपाल माजरा के करीबी माने जाते थे। भाजपा में आने के बाद वे लगातार अंबेडकर मंडल के उपाध्यक्ष पद पर बने रहे और पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय रहे। उनकी पत्नी का करीब 15 वर्ष पहले निधन हो चुका था। परिवार में तीन बेटे और एक दिव्यांग बेटी है। बेटी बोलने और चलने-फिरने में असमर्थ है। परिवार आर्थिक रूप से स्थिर माना जाता है। बड़ा बेटा सुमिल पंजाब नेशनल बैंक की फ्रेंचाइजी चलाता है, जबकि दूसरा बेटा अमित गांव में यूको बैंक की फ्रेंचाइजी देखता है। पढ़िए…पूरा घटनाक्रम
7 नवंबर की सुबह धर्म सिंह कोरी का शव घर के पीछे बने घेर में चारपाई पर खून से लथपथ मिला था। रोज की तरह बहू जब उन्हें चाय देने पहुंची, तो चारपाई पर पड़े शव को देखकर उसकी चीख निकल गई थी। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई थी। देखते ही देखते गांव में सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई थी और पूरे गांव में मातम पसर गया था। सूचना पर थाना नकुड़ पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि धर्म सिंह के माथे पर बेहद नजदीक से गोली मारी गई थी। फोरेंसिक टीम ने चारपाई, खून के नमूने, आसपास की मिट्टी और अन्य अहम साक्ष्य कब्जे में लिए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात सागर जैन भी मौके पर पहुंचे थे और टीमों को तत्काल जांच के निर्देश दिए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था। मृतक के बेटे सुशील, जो स्वयं भाजपा में अंबहेटा मंडल के महामंत्री हैं, ने बताया था कि रात करीब 9 बजे वे पिता को चाय देकर सोने चले गए थे और उस समय सब कुछ सामान्य था। परिजन और ग्रामीणों का कहना था कि धर्म सिंह शांत स्वभाव के, मिलनसार व्यक्ति थे और उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं थी।
https://ift.tt/8bHL5pD
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply