बांका जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला की अध्यक्षता में जिला निरीक्षण समिति ने जिले में संचालित पर्यवेक्षण गृह एवं विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को प्रदान की जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और संस्थानों के समुचित संचालन की समीक्षा करना था। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला ने संबंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बढ़ती ठंड को देखते हुए उन्होंने संस्थानों में रह रहे बच्चों की विशेष देखभाल सुनिश्चित करने, पर्याप्त गर्म वस्त्र उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई ने जानकारी दी कि वर्तमान में विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, बांका में दो बच्चे आवासित हैं, जिनका इलाज एनआरसी, बांका में चल रहा है। जिला पदाधिकारी ने बच्चों को दी जा रही चिकित्सीय एवं अन्य सेवाओं की जानकारी ली तथा उनसे संबंधित संचिकाओं एवं पंजीयों का गहन निरीक्षण किया। जिला निरीक्षण समिति द्वारा दिसंबर माह में प्रारंभ हुए पर्यवेक्षण गृह का भी निरीक्षण किया गया। जिला पदाधिकारी ने सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक सभी कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने परिसर को साफ-सुथरा रखने, स्वच्छता बनाए रखने तथा रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने पर्यवेक्षण गृह से मुख्य सड़क तक बन रहे अप्रोच रोड का भी जायजा लिया और संबंधित कार्यदायी एजेंसी को 31 दिसंबर तक निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, उन्होंने जिला पंचायती राज पदाधिकारी को पर्यवेक्षण गृह परिसर से सटे आवासीय क्षेत्र में नाली की समुचित निकासी के लिए आवश्यक कार्य कराने का निर्देश भी दिया। जिला पदाधिकारी ने पर्यवेक्षण गृह में आवासित बच्चों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और उनकी दैनिक दिनचर्या के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अंत में, जिला पदाधिकारी ने पर्यवेक्षण गृह के संचालन पर संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान जिला निरीक्षण समिति में सिविल सर्जन, बांका, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई, डीपीओ (स्थापना), किशोर न्याय परिषद के सदस्य, बाल कल्याण समिति के सभी सदस्य सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
https://ift.tt/RqQwhDb
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply