अंकल जब हम यहां नए–नए रहने आए थे शुरुआत में, तो एक साल ही बीते थे कि साहिल हमारे साथ छेड़छाड़ करने लगा। गली से गुजरते थे तो हमें रोक कर कहता था कि हमसे बात करो… इसकी बहन कोमल हमे जबरन पकड़वाती थी, और कहती थी कि इससे बात करो… एक बार हम स्पोर्ट्स की ट्रेनिंग लेने जा रहे थे, तो इसने हमको गली में रोक कर बहुत मारा… ये बात करीब एक साल पहले की है। साहिल मुझसे कहता था कि, हमसे बात करो, हमे तुमसे शादी करनी है। मैने कई बार मना, तब भी हमसे जबरदस्ती की। ये तीन साल से हमे बहुत परेशान कर रहा था। यह कहना था 10वीं में पढ़ने वाली छात्रा की। जो साहिल की छेड़खानी से परेशान थी। अब जानिए 3 साल में पीड़िता की आपबीती यह कहना था साहिल की छेड़खानी ग्वालटोली थानाक्षेत्र निवासी 15 वर्षीय हाईस्कूल पीड़िता का। उसने बताया कि साहिल के मारने के बाद एक हम पुलिस स्टेशन गए, जहां एक पुलिसवाले पटेल अंकल से शिकायत की, लेकिन उन्होंने कभी पकड़ा ही नहीं। जब नए ऑफिसर आए तो उन्होंने 6 महीने पहले जेल भेजा, तब ये रुका। हमे पुलिस ऑफिसर बनना था। ये बात हमने अपने स्कूल में मैंम को बताई थी, जिस पर उन्होंने कहा था कि तुम स्पोर्ट्स एकेडमी ज्वाइन करो। इसके बाद हमने स्काउट गाइड भी ज्वाइन की थी। हम जब स्कूल जाते थे तो साहिल मेरे स्कूल के बाहर चाकू लेकर खड़ा हो जाता था, हमसे कहता था कि तुम्हें मार देंगे… हम जहर पी लेंगे, तुम्हारे घरवालों को मार देंगे, उनपर केस कर देंगे। जिसके बाद मेरी मम्मी डर गई थीं और उन्होंने हमारा स्कूल जाना बंद करा दिया था, इस बात को बहुत दिन हो गए है, उस वक्त मैं 7वीं क्लास में थी। मैने साहिल के घरवालों से शिकायत की, तो वह कहती थीं कि मेरे बेटे की कोई गलती नहीं है। साहिल की बहन कोमल हमेशा हमको धमकी देती थी, कि हम अपने पति से तुमको मरवा डालेंगे। साहिल ने मेरे ऊपर रंजिश रखी हुई थी, हम घर पर मिले नहीं तो इसने मेरे पिता को मार डाला… पीड़िता ने बताया कि साहिल उसे तीन सालों से परेशान कर रहा था, जिस पर उसने ग्वालटोली थाने में 6 बार शिकायत की, लेकिन पुलिस ने उसपर कोई कार्रवाई नहीं की। साहिल की रिश्तेदार ने बताया कि पिछले तीन सालों से किशोरी की मां थाने में एप्लीकेशन दे रही थीं, उनके लिए कोई बोलने वाला नहीं है, उनकी दो बेटियां है, जिसमें एक की शादी हो चुकी है। साहिल उसको अक्सर परेशान करता था, गालियां देता था, एक–दो बार तो उसे मार भी चुका है। साहिल उसके साथ मारपीट करता था, असल में टारगेट किशोरी ही थी, लेकिन वह मिली नहीं, तो उसके पिता को बेरहमी से मार डाला। अब जानिए किस तारीख में क्या शिकायत की साहिल छेड़ता है, बेटी स्कूल नहीं जा पा रही 24 सितंबर 2025 को किशोरी की मां ने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह प्रथम तल पर किराए में रहती है। प्रार्थिनी के पति पैरालाइसिस की बीमारी से ग्रसित है, वह चौका–बर्तन का काम करती है। घर में प्रार्थिनी की बेटी रहती है। मकान के दूसरी मंजिल में साहिल रहता है। वह बेटी के साथ आए दिन छेड़खानी करता है। अश्लील इशारे करता है कई बार शिकायत की, लेकिन उसके बाद भी शांत नहीं रहा और मेरी बेटी को धमकियां दे रहा है। मैंने अपनी बेटी की शादी लगवायी है। साहिल जायसवाल उसको धमकी दे रहा है, जिसकी वजह से मेरी बेटी स्कूल नहीं जा पा रही है। मेरी बेटी के पेपर शुरू होने वाले हैं। वह स्कूल जाती है, तो साहिल छेड़ता है। कहता है कि तेजाब डाल देंगे, 29 सितंबर से बेटी के पेपर है, मेरी बेटी को खतरा है। साहिल बेटी से कहता है कि बात नहीं करोगी तो मर जाऊंगा 11 नवंबर को किशोरी की मां ने दी गई तहरीर में बताया था कि 14 साल की बेटी के स्कूल जाने के दौरान साहिल उसका पीछा करता है, और धमकी देता है कि अगर तुम मुझसे बात नहीं करोगी तो मैं मर जाऊंगा और जबरदस्ती परेशान करता है। पिस्टल दिखाकर कहा– गंगा में ढकेल देंगे 26 नवंबर को पीड़िता की मां ने दोबारा तहरीर दी, जिसमें उन्होंने बताया कि साहिल बेटी का पीछा करते हुए स्कूल पहुंच जाता है। रास्ते में छेड़छाड़ करते हुए धमकी देता है कि तुम मुझसे बात नहीं करोगी तो मैं मर जाऊंगा। 9 नवंबर को बेटी वॉशरूम जा रही थी, तो साहिल ने उसे पकड़ कर मारा था। पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई न होने से उसके हौसले बुलंद हो गए है, 25 नवंबर को 2 बजे साहिल बेटी को पिस्टल दिखा कर भैरोघाट ले गया और मारापीटा। इसके बाद कहा कि ज्यादा चिल्लाओगी तो तुम्हे यहीं गंगा में ढकेल देंगे। इसके साथ ही पीड़िता की मां ने एक और शिकायत की, जिसमें कहा कि बेटी अपनी मुंह बोली बड़ी मम्मी के घर जा रही थी, जिस पर साहिल ने उसे रिवाल्वर दिखा कर कहा कि तुम मेरी गाड़ी में बैठो वरना मार दूंगा और मेरी बेटी को गाड़ी में बिठाकर भैरोघाट ले गया। साहिल बैडटच करता है, गोली मारने की धमकी दी 22 फरवरी 2025 को पीड़िता की ओर से ग्वालटोली थाने में शिकायत की गई, जिसमें उसने लिखा कि साहिल उसके साथ बैड टच करता है। कई प्रार्थना पत्र दिए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई, आज 22 फरवरी की शाम 7 बजे साहिल ने मेरे साथ अश्लील हरकत की। विरोध करने पर मुझे मारापीटा और शादी न करने पर गोली मारने की धमकी दी। निवेदन है कि रिपोर्ट लिख कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, मैं जीवन से ऊब चुकी हूं। अश्लील चैट भेजकर पहले भी किरकिरी करा चुका है चौकी इंचार्ज चौकी इंचार्ज शुभम सिंह इससे पहले वर्ष 2023 में भी अपनी और विभाग की किरकिरी कराकर निलंबित हो चुके हैं। उनकी लापरवाही का ये पहला मामला नहीं है, बल्कि साउथ जोन में वह युवती को चाय के बहाने रूम पर अकेले बुलाकर उसे वाट्सएप पर अश्लील चैट भेज चुके हैं। रिकॉर्डिंग वायरल होने के बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया था। गोविंद नगर थानाक्षेत्र की रतनलाल चौकी प्रभारी रहने के दौरान शुभम सिंह ने महादेव नगर में गांजा बिक्री को लेकर आवाज उठाने वाली महिला की बेटी का नंबर लेकर उसे रूम में चाय पर बुलाया और उसे वाट्सएप पर अश्लील चैट भेज दी। इस पर उसने शुभम की वाट्सएप चैट को इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। जिससे शुभम के साथ ही विभाग की काफी किरकिरी हुई जिसके बाद आलाधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और दारोगा शुभम सिंह को निलंबित कर दिया गया था। लुटेरी दुल्हन कांड मामले में लापरवाही बरती ग्वालटोली में हुए लुटेरी दुल्हन दिव्यांशी मामले में भी चौकी इंचार्ज शुभम सिंह ने लापरवाही बरती। ग्वालटोली थाने में तैनात दरोगा आदित्य कुमार लोचव से चौथी शादी करने के मामले में जब पुलिस ने पिछले साल नवंबर महीने में दिव्यांशी को गिरफ्तार किया था। इस मामले की विवेचना भी दरोगा शुभम सिंह ही कर रहे थे। अधूरी रिमांड याचिका कोर्ट में ले जाने पर शुभम को जहां कड़ी फटकार लगाई गई वहीं दिव्यांशी को तत्काल जमानत दे दी गई। इस दौरान शुभम आसपास के सीसीटीवी कैमरों में दिव्यांशी के परिचितों के साथ भी नजर आए थे।

Leave a Reply