बाराबंकी जिले के सौरभ बैसवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में सराहा है। सौरभ ने ‘MY भारत’ (मेरा युवा भारत) द्वारा आयोजित ‘बजट क्वेस्ट’ प्रतियोगिता में अपने विचार प्रस्तुत किए थे, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। रविवार को प्रसारित ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने देशभर से चुने गए कुछ युवाओं के विचारों का उल्लेख किया। इनमें तेलंगाना के कोटला रघुवीर रेड्डी, बिहार के सुमित कुमार और उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के सौरभ बैसवार शामिल थे। सौरभ ने किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे थे। सौरभ बैसवार बाराबंकी जिले की फतेहपुर तहसील के सोहाई गांव के मूल निवासी हैं। वर्तमान में वह शहर की आवास विकास कॉलोनी में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। उनके पिता प्रभाकर बैसवार एक किसान हैं। सौरभ अपने दादा-दादी के साथ रहते हैं और उनकी पढ़ाई का खर्च दादा की पेंशन से चलता है, जो स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हुए हैं। वर्तमान में सौरभ जहांगीराबाद स्थित आईटीआई में अध्ययनरत हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने विचारों और लेखन के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की है। उनका सपना सीडीएस (कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज) के माध्यम से भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना है। ‘बजट क्वेस्ट’ प्रतियोगिता में देशभर के लाखों युवाओं ने भाग लिया था। सौरभ बैसवार उन चुनिंदा प्रतिभागियों में से एक थे, जिनके विचार सीधे प्रधानमंत्री तक पहुंचे और उन्हें सराहा गया। यह उपलब्धि न केवल सौरभ के लिए, बल्कि पूरे बाराबंकी जिले के लिए गर्व का विषय है।

Leave a Reply