शाहजहांपुर में बीती रात दो बाइकों की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति सहित तीन लोग घायल हो गए। यह हादसा पुवायां थाना क्षेत्र के मोहम्मदी रोड पर लालपुर मोड़ के पास रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ। मृतका की पहचान 55 वर्षीय कांता देवी के रूप में हुई है, जो विद्या भारती जन शिक्षा संस्था के जिला निरीक्षक कमल प्रकाश की पत्नी थीं। हादसे में कमल प्रकाश के अलावा दूसरी बाइक पर सवार सिंधौली के सैजना निवासी छोटू यादव और उनके रिश्ते के चाचा ओमपाल भी घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, कमल प्रकाश अपनी पत्नी कांता देवी के साथ मोहम्मदी से अपने घर देवस्थान लौट रहे थे। वहीं, छोटू यादव और ओमपाल लखीमपुर के मेंहदी पिपरिया से वापस अपने घर आ रहे थे। लालपुर मोड़ के पास दोनों बाइकों की टक्कर हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने कांता देवी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत को देखते हुए कमल प्रकाश, छोटू यादव और ओमपाल को शुरुआती इलाज के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका कांता देवी के चार बेटियां और एक बेटा है। परिजन भी हादसे की सूचना पर अस्पताल पहुंच गए।

Leave a Reply