DniNews.Live

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल बोले-जनता तय करेगी मेरे काम का नंबर:2027 में मैं दावेदार नहीं, तावेदार हूं, 1.50 लाख वोटों से जिताएगी जनता

आगरा उत्तर विधानसभा क्षेत्र में पिछले चार वर्षों के विकास कार्यों, पानी की बेहतर होती व्यवस्था, मेट्रो प्रोजेक्ट और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने दैनिक भास्कर से विस्तार से बातचीत की। विधायक ने कहा कि पहले जहां गंगाजल की सुविधा सीमित इलाकों तक थी, वहीं अब बड़ी आबादी तक शुद्ध पेयजल पहुंच चुका है और आने वाले महीनों में लगभग पूरे क्षेत्र को इसका लाभ मिलेगा। इसके साथ ही स्मार्ट एरिया डेवलपमेंट, सड़कों के निर्माण, स्कूलों को स्मार्ट स्कूल में बदलने और मेट्रो जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम हो रहा है। टिकट के सवाल पर उन्होंने खुद को ‘दावेदार नहीं, तावेदार’ बताते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पद या टिकट के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा के लिए काम करता है। पढ़िए दैनिक भास्कर से खास बातचीत के प्रमुख अंश- सवाल: पिछले 4 साल के काम के लिए आप खुद को 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब: पिछले 4 साल में मैं योगी सरकार को 100 में से 100 नंबर दूंगा। अपने आप को नंबर देना मेरा काम नहीं है, यह जनता तय करेगी। जब मैंने पहला चुनाव लड़ा था तो जनता ने 60 हजार वोट से जिताया। दूसरा चुनाव 1.12 लाख वोट से जिताया। योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने जिस तरह काम किया है, वह जनता के सामने है। सवाल: अपने क्षेत्र में सबसे बड़ा कौन सा काम कराया है?
जवाब: आगरा उत्तर विधानसभा में पहले केवल 20 प्रतिशत लोगों को गंगाजल की सुविधा मिलती थी, जो आज बढ़कर 80 प्रतिशत हो गई है। आने वाले 6 महीने में 95 प्रतिशत लोगों तक यह सुविधा पहुंच जाएगी। इसके अलावा कई कॉलोनियों में 24 घंटे पानी की आपूर्ति के लिए पाइपलाइन डाली जा रही है। स्मार्ट एरिया विकसित किया जा रहा है। सड़कों का निर्माण कराया गया है और बेसिक स्कूलों को स्मार्ट स्कूल बनाया गया है। सवाल: ऐसा कोई काम जो इस साल पूरा करने का लक्ष्य हो?
जवाब: हमारी कोशिश है कि मेट्रो का जो काम चल रहा है, उसे एक साल के भीतर पूरा कराया जाए। मेट्रो बनने से क्षेत्रवासियों को बड़ी सुविधा मिलेगी और जाम से राहत मिलेगी। सवाल: क्या इस बार भी आप टिकट के दावेदार हैं?
जवाब: मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। हम जनता के बीच रहने वाले लोग हैं। मैं दावेदार नहीं, बल्कि तावेदार हूं। मैं एक कार्यकर्ता विधायक हूं और हमेशा जनता के बीच रहकर काम करता रहूंगा। भाजपा का कार्यकर्ता टिकट के लिए नहीं, बल्कि जनता के लिए काम करता है। सवाल: क्या आपको इस बार फिर टिकट मिलेगा?
जवाब: टिकट का फैसला पार्टी नेतृत्व करता है। मैं एक सामान्य कार्यकर्ता हूं। मैं 1.12 लाख वोट से जीता हुआ कार्यकर्ता हूं। यह जीत मेरी नहीं, बल्कि संगठन की जीत थी। आगे भी जनता के सहयोग से भाजपा को करीब 1.50 लाख वोट से जीत दिलाने का लक्ष्य है। सवाल: आपकी विधानसभा वैश्य बाहुल्य है। ऐसे में आपकी पार्टी से और भी लोग टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। दूसरी पार्टियों से किस तरह की टक्कर रहेगी?
जवाब: वैश्य समाज ने हमेशा देश और समाज के लिए काम किया है। भाजपा की किसी से कोई टक्कर नहीं है। भाजपा सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। सपा, बसपा और कांग्रेस जाति की राजनीति करती हैं, जबकि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *