कांग्रेस सांसद, वरिष्ठ नेता व लेखक डॉ. शशि थरूर ने मंगलवार को बिहार संग्रहालय का भ्रमण करने के बाद कहा कि यहां इतना कुछ देखने और समझने को है कि ढाई घंटे में पूरा अनुभव संभव नहीं है। यह दुनिया के बेहतरीन और अनोखे संग्रहालयों में से एक है। उन्होंने कहा कि जब भी मौका मिलेगा, मैं दोबारा जरूर आऊंगा। “आई विल बी बैक अगेन।” बिहार संग्रहालय पहुंचने पर महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने डॉ. शशि थरूर का फूल और शॉल देकर स्वागत किया। इसके बाद उन्हें संग्रहालय का विस्तृत भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें यहां मौजूद पुरातात्विक अवशेषों, आधुनिक तकनीक से बने डिस्प्ले और विभिन्न गैलरियों की जानकारी दी गई। ओरिएंटेशन हॉल में उन्हें बिहार संग्रहालय पर आधारित एक फिल्म भी दिखाई गई। महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह और प्रभारी अपर निदेशक रणबीर सिंह राजपूत ने डॉ. थरूर को पुरापाषाण, मध्यपाषाण और नवपाषाण कालीन गैलरियों का दर्शन कराया। साथ ही बताया गया कि यहां प्रदर्शित धातु के कई अवशेष झारखंड और राजस्थान के खेतरी क्षेत्र से प्राप्त हुए हैं। मूर्तियों के साथ उनकी तिथि व काल दर्शाने का दिया सुझाव डॉ. थरूर ने डिजिटल डिस्प्ले को खास रुचि के साथ देखा और उसकी कार्यप्रणाली समझी। उन्होंने ब्राह्मी लिपि में अपने नाम की पर्ची भी निकाली। बुद्ध और जैन गैलरी के भ्रमण के दौरान डॉ. थरूर ने सुझाव दिया कि सभी मूर्तियों के साथ उनकी तिथि और काल स्पष्ट रूप से दर्शाया जाना चाहिए। आर्ट गैलरी में उन्हें बताया गया कि मिथिलांचल में परंपरागत रूप से कलाकार प्राकृतिक रंगों का उपयोग करते रहे हैं। याक्षिणी, देवी तारा, खादिरावाणी तारा, गांधार शैली की बुद्ध प्रतिमा, कुर्किहार बुद्ध प्रतिमा, बराबर गुफा की प्रतिकृति, मगध गैलरी की बुद्ध प्रतिमा, क्रीड़ारत नायिका, पालकालीन द्वार स्तंभ और कंटेम्पररी आर्ट गैलरी में अर्पणा कौर, सुहाना रॉय और सुबोध गुप्ता के आर्टवर्क ने उन्हें खासा प्रभावित किया। उन्होंने कई कलाकृतियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इला मेनन की कलाकृति देखकर उन्होंने बताया कि वे उनकी रिश्तेदार हैं। डॉ. थरूर ने टॉर्सों को छूकर देखा और उनके बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों को पुरातत्व की गहरी समझ थी। इस अवसर पर अपर निदेशक अशोक कुमार सिन्हा भी उपस्थित थे।
https://ift.tt/ftzco7O
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply