रायबरेली के ठाकुरपुर गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालक की जान चली गई। निर्माणाधीन पानी की टंकी की सीढ़ियों से गिरने के कारण बालक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। खेलते समय टंकी पर चढ़ा जानकारी के अनुसार, ठाकुरपुर गांव निवासी राम नेवाज का 12 वर्षीय बेटा कुणाल रविवार शाम करीब 6 बजे जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकी के परिसर में खेल रहा था। खेलते-खेलते वह टंकी की सीढ़ियों पर चढ़ गया। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। 3 साल से चल रहा निर्माण कार्य घटना के तुरंत बाद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजन आनन-फानन में कुणाल को जिला अस्पताल रायबरेली लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि गांव में पानी की टंकी का निर्माण कार्य पिछले करीब साढ़े तीन वर्षों से रुक-रुक कर चल रहा है। ऐसे में निर्माणाधीन स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम न होने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि अगर वहां सुरक्षा के उचित प्रबंध होते, तो यह हादसा टल सकता था।
कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने बताया घटना की सूचना मिल चुकी है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply