फिरोजाबाद की टूंडला से भाजपा विधायक प्रेमपाल धनगर ने अपने चार साल के कार्यकाल को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि जो काम पिछले 40 वर्षों में नहीं हुए, वे उनके कार्यकाल में पूरे हुए हैं। सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार का हवाला देते हुए उन्होंने अपने काम को 100 में से 100 अंक दिए। दैनिक भास्कर रिपोर्टर से खास बातचीत में विधायक ने बेबाकी से सवालों के जवाब दिए। पढ़िए पूरा इंटरव्यू…
सवाल: पिछले 4 साल के कामकाज को आप 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब: मेरे हिसाब से जो काम 40 वर्षों में नहीं हुआ, वह इन 4 वर्षों में हुआ है। पहले सड़कों की हालत इतनी खराब थी कि उन पर साइकिल, बाइक या कार चलाना मुश्किल था। अब करीब 12 सड़कों का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण कराया गया है। जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल और गंगाजल पहुंचाने का काम हुआ है, जिसमें लगभग 65% काम पूरा हो चुका है और बाकी भी जल्द पूरा होगा। बिजली के जर्जर तार और पोल बदले गए हैं। ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है। इन सभी कामों को देखते हुए मैं खुद को 100 में से 100 नंबर देता हूं। सवाल: आपके कार्यकाल का सबसे बड़ा काम क्या रहा?
जवाब: सबसे बड़ी समस्या एटा रोड की थी, जहां से राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु सोरों-कछला गंगा घाट और अन्य तीर्थ स्थलों के लिए जाते हैं। सड़क खराब होने के कारण दुर्घटनाएं होती थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहयोग से करीब 100 करोड़ की लागत से इस रोड को फोरलेन कराया गया, जिससे बड़ी समस्या का समाधान हुआ। सवाल: कौन से बड़े काम अभी अधूरे हैं?
जवाब: नियामतपुर और अनवारा क्षेत्र में यमुना नदी पर पुल का निर्माण अभी बाकी है। इसके लिए सर्वे हो चुका है और उम्मीद है कि जल्द काम शुरू होगा। इसके अलावा टूंडला में कन्या महाविद्यालय के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। साथ ही, क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने की योजना है, जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। सवाल: क्या आप इस बार फिर टिकट के दावेदार हैं?
जवाब: भाजपा में हर कोई प्रयास करता है। अगर पार्टी को लगेगा कि मेरा काम संतोषजनक रहा है और जनता मुझसे खुश है, तो मुझे मौका मिलेगा। मैं खुद आवेदन नहीं करूंगा, बल्कि जनता मेरे लिए टिकट मांगेगी। पार्टी का जो भी निर्णय होगा, वह स्वीकार होगा। सवाल: आगामी चुनावों में यूजीसी जैसे मुद्दों का क्या असर पड़ेगा?
जवाब: यूजीसी से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार ने संज्ञान लिया है और उनका समाधान किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गलत फैसलों को भी सुधारा जाता है।

Leave a Reply