प्रतापगढ़ में अफेयर में लड़के ने जहर खा लिया। उसकी इलाज के दौरान प्रयागराज में मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब एक किशोरी की शिकायत के बाद पुलिस ने किशोर के पिता को थाने बुलाया था। पुलिस के डर से किशोर ने यह आत्मघाती कदम उठाया। मामला अंतू कोतवाली क्षेत्र के छतरपुर गांव का है। यहां एक किशोर ने गांव की ही एक किशोरी की चैट और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थीं। किशोरी के परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। शनिवार को पुलिस आरोपी किशोर के घर पहुंची, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद पुलिस उसके पिता को थाने ले आई। देर शाम पुलिस ने पिता को घर भेजकर बेटे को थाने लाने के लिए कहा। पिता के घर पहुंचने पर थाने जाने के डर से किशोर ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रयागराज रेफर कर दिया। प्रयागराज में इलाज के दौरान रविवार को किशोर की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने प्रयागराज में ही शव का पोस्टमार्टम कराया। किशोर की पहचान छतरपुर निवासी 16 वर्षीय विशाल के रूप में हुई है। वह छेदीलाल का पुत्र था। छेदीलाल दिल्ली में रहकर नौकरी करते हैं और उन्होंने दो विवाह किए हैं। विशाल अपनी दूसरी पत्नी का पुत्र था और छतरपुर शिवाला स्थित एक इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र था। परीक्षा देने के बाद वह दिल्ली अपने पिता के पास गया था और शनिवार को ही उनके साथ घर लौटा था। परिजनों ने रविवार शाम को गांव के पास ही किशोर के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

Leave a Reply