कुर्माचल के सर्वोदय नगर स्थित लिबर्टी पार्क में तीन दिवसीय मुनाल महोत्सव का आयोजन 28 से 30 मार्च तक किया जा रहा है। महोत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि कांति सिंह, गिरीश चंद्र, भूपेंद्र शर्मा और डॉ. देवेंद्र नेगी ने संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन किया। दूसरे दिन मुनाल रंग मंडल के कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जो मुख्य आकर्षण रहीं। वरिष्ठ लोक गायिका ऋचा जोशी के संगीत संयोजन में गायन, वादन और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत ऋचा जोशी और दीपिका मिश्रा द्वारा प्रस्तुत गणपति भजन से हुई, जिसने भक्तिमय माहौल बना दिया। दर्शकों को पहाड़ी संस्कृति से परिचित कराया कलाकारों ने गढ़वाल के पारंपरिक लोक नृत्य जैसे थड़िया, चौपला, झूमेलो, चाचरी और होली नृत्य की जीवंत प्रस्तुतियां दीं। नीतिका सिंह, हर्षिता बिष्ट, आकांक्षा आनंद, मीतू सिंह, गीता शुक्ला और प्रियंका टंडन के निर्देशन में इन नृत्यों ने दर्शकों को पहाड़ी संस्कृति से परिचित कराया।सूचना एवं संस्कृति विभाग की कलाकार मानसी बिष्ट, अंकिता सिंह और आराधना शुक्ला ने पुराने फिल्मी गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं का मनोरंजन किया। इनको मिला सम्मान महोत्सव में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया। डॉ. अनीता नेगी, डॉ. अर्चना घिल्डियाल, नीलम जोशी और नरेंद्र पांडे को अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।मुख्य अतिथि कांति सिंह ने स्वयं गीत गाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर डॉ. जनार्दन घिल्डियाल, नवीन चौधरी, राजेंद्र सिंह रावत, सुनील उप्रेती, शिखा सिंह, आलोक नैथानी और ट्विंकल नेगी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply