DniNews.Live

हनुमान जयंती पर मेरठ रेंज में हाई अलर्ट:65 शोभायात्राएं, 2215 पुलिसकर्मी तैनात, ड्रोन से होगी निगरानी

हनुमान जयंती के मद्देनजर मेरठ रेंज में सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर रखी गई है। 2 अप्रैल को होने वाले इस पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ में व्यापक पुलिस बंदोबस्त किए गए हैं। इस बार रेंज में कुल 65 शोभायात्राएं और 137 अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनकी सुरक्षा के लिए 2215 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस ने संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले 57 स्थानों को हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया है। इनमें मेरठ के 7, बुलंदशहर के 37 और हापुड़ के 13 क्षेत्र शामिल हैं। इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। किसी भी गतिविधि पर तुरंत नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी पुलिस पूरी तरह सतर्क है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म्स पर भड़काऊ या भ्रामक पोस्ट डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। हनुमान जयंती के अवसर पर मेरठ रेंज के 288 मंदिरों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और भंडारे के कार्यक्रम होंगे। इनमें मेरठ में 95, बुलंदशहर में 113, बागपत में 26 और हापुड़ में 54 मंदिर शामिल हैं। जिलेवार शोभायात्राओं की बात करें तो मेरठ में 20, बुलंदशहर में 26, बागपत में 5 और हापुड़ में 15 शोभायात्राएं निकलेंगी। त्योहार को शांतिपूर्ण बनाने के लिए पुलिस पहले ही व्यापक स्तर पर तैयारियां कर चुकी है। अब तक 88 पीस कमेटी और धर्मगुरुओं के साथ बैठकें, 73 विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बैठकें और 80 आयोजकों के साथ गोष्ठियां आयोजित की जा चुकी हैं। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने अधिकारियों को सख्त आदेश दिए हैं कि हर छोटी-बड़ी घटना को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने शोभायात्रा मार्गों का निरीक्षण करने, संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कराने और किसी भी विवादित मुद्दे का पहले ही समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शोभायात्राओं के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा संदिग्ध वाहनों की चेकिंग, ट्रैफिक मैनेजमेंट और फायर सेफ्टी को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस का दावा है कि इस बार हनुमान जयंती का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जाएगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *