जमुई के मलयपुर स्थित जिला कृषि कार्यालय परिसर में अंतर्राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर मंगलवार को दो दिवसीय किसान मेला सह कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी नवीन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सौरव कुमार और जिला कृषि पदाधिकारी ब्रजेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर इसका उद्घाटन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। जिला कृषि पदाधिकारी ब्रजेश कुमार ने बताया कि यह मेला देश के पांचवें प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्मदिन पर मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय किसान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों को सम्मान देना और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। कई महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई मेले में किसानों को कई महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, कृषि यांत्रिकीकरण योजना, फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड योजना, परंपरागत खेती विकास योजना और डिजिटल क्रॉप सर्वे शामिल थीं। अधिकारियों और कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को इन कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए जागरूक किया। उत्पादित फसलों के 15 प्रकार के स्टॉल लगाए गए कृषि प्रदर्शनी में किसानों द्वारा उत्पादित फसलों के 15 प्रकार के स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों में उन्नत बीज, विभिन्न प्रकार की सब्जियां, अनाज और नवाचार आधारित कृषि उत्पाद प्रदर्शित किए गए। जिला पदाधिकारी ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया और किसानों से सीधा संवाद कर उनके प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के समापन समारोह में बेहतर उत्पादन और कृषि नवाचारों के लिए किसानों को सम्मानित किया गया। इस सम्मान से किसानों का मनोबल और आत्मविश्वास बढ़ा।
https://ift.tt/yQ782wY
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply