बदायूं में गंगा नदी में डूबे एटा जिले के एक युवक का शव तीसरे दिन बरामद कर लिया गया है। युवक गुरुवार को स्नान करते समय गहरे पानी में डूब गया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। यह घटना उसहैत थाना क्षेत्र के अटैना गंगा घाट पर हुई। एटा जिले के जैथरा थाना क्षेत्र के पततरई गांव निवासी 23 वर्षीय सुदेश पुत्र इंद्रपाल गुरुवार को अपने परिवार के साथ गंगा स्नान करने आया था। स्नान के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने सुदेश को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों ने पहले दिन तलाश शुरू की। दूसरे दिन एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी को भी मौके पर बुलाया गया और लगातार खोज अभियान चलाया गया। शनिवार शाम को तीसरे दिन सुदेश का शव अटैना गंगा घाट स्थित श्मशान घाट के पास से बरामद हुआ। थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि शव मिलने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई और उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।

Leave a Reply