DniNews.Live

राज्यमंत्री ने क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निरीक्षण किया:मथुरा जिला अस्पताल में मिलीं खामियां, सुधार के सख्त निर्देश दिए

मथुरा में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ योजना के तहत जिला अस्पताल में बन रहे 50 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का रविवार दोपहर करीब 3 बजे निरीक्षण किया गया। यूपीसिडको (यू.पी. स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन) के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री वाई.पी. सिंह ने यह निरीक्षण किया। जिला अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन यह अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर सेंटर यूपीसिडको के माध्यम से बनाया जा रहा है। लगभग 1782.22 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस भवन के पूरा होने से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है। हालांकि, निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा नहीं हो सका है। अब इसके जुलाई 2026 तक पूर्ण होने की संभावना जताई जा रही है। निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री वाई.पी. सिंह ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का गहन जायजा लिया। उन्हें निर्माण में कुछ खामियां और तकनीकी कमियां मिलीं। उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों और ठेकेदार को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। राज्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खामियों की सूची बनाकर शीघ्र सुधार कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया, ताकि परियोजना में और देरी न हो। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ, सीएमएस डॉ. नीरज अग्रवाल, डिप्टी सीएमएस डॉ. सिद्धार्थ और नोडल अधिकारी अनुज यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *