DniNews.Live

देवरिया में गैस न मिलने से उपभोक्ताओं का हंगामा:नाराज लोगों ने सड़क जाम की, बोले- डिलीवरी का मैसेज आया, पर सिलेंडर मिला नहीं

देवरिया जिले के मझौलीराज नगर स्थित सुमित्रा भारत गैस एजेंसी पर रविवार को रसोई गैस की कमी के कारण उपभोक्ताओं ने हंगामा किया। गैस न मिलने से नाराज लोगों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस एजेंसी पर जमा हो गए थे। सुबह करीब 10 बजे कार्यालय खुलने के बावजूद गैस वितरण शुरू नहीं हुआ, जिससे भीड़ बढ़ती चली गई। दोपहर बाद तक स्थिति और बिगड़ गई। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उनके मोबाइल पर गैस बुकिंग ‘डिलीवर’ दिखाई जा रही थी, जबकि उन्हें वास्तव में सिलिंडर नहीं मिला था। संतोषजनक जवाब न मिलने पर आक्रोशित उपभोक्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी और एजेंसी के बाहर प्रदर्शन करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख एजेंसी कर्मचारियों ने खुद को कार्यालय के अंदर बंद कर लिया। इससे नाराज लोगों ने एजेंसी के शटर पीटना शुरू कर दिया।
लगभग 50 से अधिक उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर अनियमितता और लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। इसी दौरान, गुस्साए उपभोक्ताओं ने मुख्य सड़क जाम कर दी, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर सड़क जाम खुलवाया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रण में आई। घटना के लगभग एक घंटे बाद नायब तहसीलदार हरिलाल यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने उपभोक्ताओं से उनके कनेक्शन नंबर और बुकिंग की तिथि दर्ज कराई। नायब तहसीलदार ने मामले की जांच कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजने का आश्वासन दिया। फिलहाल, गैस आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बनी हुई है। वे प्रशासन से इस समस्या का जल्द समाधान करने की मांग कर रहे हैं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *