लखीमपुर के नौरंगाबाद निवासी अग्निवीर इंद्रजीत गुप्ता का रविवार को उनके पैतृक गांव पकरिया धापूपुर (सीतापुर) में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान गांव और आसपास के क्षेत्रों से हजारों लोग उन्हें अंतिम विदाई देने उमड़ पड़े। रविवार सुबह जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो परिवार में शोक का माहौल छा गया। अंतिम दर्शन के लिए लोगों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने पुष्प अर्पित कर देश के इस जवान को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे गूंज उठे। अंतिम संस्कार में प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री सुरेश राही, प्रमुख समाजसेवी आचार्य संजय मिश्रा, भाजपा नेता उमाशंकर मिश्र, संदीप मिश्रा और अनूप मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने जवान के पार्थिव शरीर को कंधा देकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी। हजारों लोगों की मौजूदगी में अंतिम यात्रा निकाली गई, जहां जगह-जगह पुष्प वर्षा कर जवान को विदाई दी गई। इंद्रजीत गुप्ता वर्ष 2022 में भारतीय सेना में अग्निवीर के पहले बैच में भर्ती हुए थे। वह सिग्नल रेजीमेंट में रेडियो ऑपरेटर के पद पर तैनात थे। उनकी ट्रेनिंग जबलपुर और गोवा में हुई थी, जिसके बाद उन्हें पहली तैनाती भोपाल में मिली। बाद में उन्हें जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में तैनात किया गया था। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान इंद्रजीत को अचानक चक्कर आया। साथी जवानों ने उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। वह फरवरी में अपनी बहन की शादी में शामिल होने घर आए थे और 6 मार्च को वापस कश्मीर ड्यूटी पर लौटे थे।

Leave a Reply