DniNews.Live

देवरिया में महिला ने पति-सास पर किया चाकू से हमला:पारिवारिक विवाद में दोनों गंभीर घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

देवरिया के सदर कोतवाली क्षेत्र के गरुणपार मोहल्ले में रविवार को एक पारिवारिक विवाद के दौरान महिला ने अपने पति और सास पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गरुणपार निवासी चौखट (40) पुत्र सोबराती मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। रविवार को घर पर उसकी पत्नी रुबी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। यह कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई। विवाद बढ़ता देख चौखट की मां हकीमा (60) बीच-बचाव करने पहुंचीं और बहू को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान रुबी ने घर में रखी सब्जी काटने वाली चाकू उठा लिया और पति चौखट पर हमला कर दिया। चाकू लगने से चौखट के सिर पर गंभीर चोट आई। जब हकीमा ने फिर से बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो रुबी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गईं। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को देवरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *