बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र के ग्राम शिवपुरी स्थित रामगंगा घाट पर शनिवार को डूबे 14 वर्षीय किशोर अर्जुन का शव रविवार को 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। मुरादाबाद से आई एसडीआरएफ की टीम ने करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किशोर के शव को नदी से खोज निकाला। एसडीआरएफ टीम ने रविवार दोपहर करीब 11 बजे मोटर बोट और आधुनिक उपकरणों के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया। नदी का बहाव तेज होने के कारण टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अंततः शाम 4:50 बजे टीम को सफलता मिली और शव ढूंढ लिया गया। रामपुर जिले के ढकिया शाहाबाद निवासी अर्जुन पुत्र कैलाश गिरी अपने परिजनों के साथ मीरगंज के मनकरा गांव में अपनी बहन के घर आया हुआ था। शनिवार को वह परिजनों और रिश्तेदारों के साथ शिवपुरी के रामगंगा घाट पर स्नान करने गया था। स्नान के दौरान गहराई का अंदाजा न होने के कारण अर्जुन गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के तुरंत बाद साथ मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह लहरों में ओझल हो गया। शनिवार शाम तक स्थानीय गोताखोरों और सिरौली पुलिस ने काफी खोजबीन की, लेकिन शव नहीं मिल पाया। रविवार सुबह तहसील प्रशासन और पुलिस ने मुरादाबाद से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया है। मौके पर तहसीलदार आंवला बृजेश कुमार वर्मा, हल्का लेखपाल प्रशांत कुमार और थाना प्रभारी सिरौली विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। किशोर का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी सिरौली विनोद सिंह ने बताया कि शनिवार से ही लापता किशोर की तलाश की जा रही थी। एसडीआरएफ टीम ने सुबह से ही नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया और शाम करीब 4:50 बजे शव बरामद कर लिया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Leave a Reply