अयोध्या कैंसर मरीजों को अब इलाज के लिए बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ ने अयोध्या में विशेष ऑन्कोलॉजी ओपीडी सेवाएं शुरू की हैं। ये सेवाएं मेडिसिटी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, अयोध्या में उपलब्ध होंगी। इस पहल के तहत सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. शशांक चौधरी हर महीने के तीसरे शनिवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक मरीजों को देखेंगे। यहां नए मरीजों का परामर्श और पुराने मरीजों का फॉलो-अप किया जाएगा। डॉ. चौधरी ने कहा कि कैंसर के इलाज में समय पर पहचान सबसे जरूरी है। शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने से इलाज के बेहतर परिणाम मिलते हैं। उन्होंने बताया कि इम्यूनोथेरेपी और टार्गेटेड थेरेपी जैसी आधुनिक तकनीकों से अब जटिल मामलों में भी बेहतर इलाज संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि ऑन्कोलॉजी के क्षेत्र में लगातार हो रही प्रगति से इलाज ज्यादा सटीक, कम इनवेसिव और मरीज की जरूरत के अनुसार हो गया है। इस ओपीडी के जरिए अयोध्या और आसपास के लोगों को विशेषज्ञ सलाह और आधुनिक उपचार की जानकारी स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी। मैक्स हॉस्पिटल प्रबंधन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य उन्नत चिकित्सा सेवाओं को छोटे शहरों तक पहुंचाना है, ताकि मरीजों को समय पर और बेहतर इलाज मिल सके।

Leave a Reply