हाथरस के गांव गीगला में ग्रामवासियों के सहयोग से आज एक दिवसीय कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय ने फीता काटकर और अखाड़े की पूजा-अर्चना कर इसका विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान, सीमा उपाध्याय ने अखाड़े में उतरने वाले पहलवानों के हाथ मिलवाकर मुकाबलों की शुरुआत कराई, जिससे खेल भावना और आपसी सौहार्द का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे खेल आयोजन छिपी प्रतिभाओं को अवसर देते हैं। उपाध्याय ने कुश्ती को प्राचीन और गौरवशाली परंपरा का हिस्सा बताया, जिसे संजोकर रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखते हैं। दंगल में महिला और पुरुष पहलवानों के बीच कई रोमांचक मुकाबले हुए। पहलवानों ने अपने शानदार दांव-पेंच और ताकत का प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। हर मुकाबले पर दर्शकों की तालियों और उत्साह ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। पूरे दिन अखाड़े में मेले जैसा माहौल रहा और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। यह रहे मुख्य रूप से मौजूद इस अवसर पर ग्राम प्रधान देवेश उपाध्याय, पूर्व प्रधान गुड्डू, अंकित पहलवान और अरुण शर्मा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। आयोजक समिति ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में विजेता और उपविजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को और भव्य रूप में आयोजित करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply