DniNews.Live

औरैया पुलिस ने 111 गुमशुदा मोबाइल बरामद किए:17 लाख रुपये के फोन मालिकों को लौटाए गए, खुशी से खिले चेहरे

औरैया पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। स्वाट और सर्विलांस टीम के संयुक्त अभियान में विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 111 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 17 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन में हुई। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने अभियान का पर्यवेक्षण किया। टीम आमजन द्वारा दर्ज कराई गई मोबाइल गुमशुदगी की शिकायतों पर लगातार काम कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और निरंतर प्रयासों के आधार पर, स्वाट और सर्विलांस टीम ने विभिन्न स्थानों से इन मोबाइलों को बरामद किया। बरामद किए गए मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संबंधित मोबाइल धारकों को सूचित किया गया है और उन्हें आज ही उनके फोन वापस लौटाए जा रहे हैं। इस अवसर पर, पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने मोबाइल फोन में ‘संचार साथी’ ऐप डाउनलोड करें। यह ऐप मोबाइल खो जाने की स्थिति में उपयोगी जानकारी प्रदान करता है और ट्रैकिंग में सहायता करता है। उन्होंने यह भी सलाह दी कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत अपने नजदीकी थाने में बिल, आईएमईआई नंबर, आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्र के साथ उपस्थित होकर सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इस सफल अभियान में प्रभारी सर्विलांस उपनिरीक्षक समित चौधरी और प्रभारी स्वाट टीम उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार अपनी-अपनी टीमों के साथ सक्रिय रूप से शामिल रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *