बाराबंकी जनपद के जैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में रविवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस घटना में खड़ी 13 एंबुलेंस पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। यह घटना रविवार दोपहर की है, जब सीएचसी परिसर के एक हिस्से में खड़ी एंबुलेंस गाड़ियों से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और एक के बाद एक 13 एंबुलेंस आग की चपेट में आ गईं। आग की लपटें और आसमान में उठता काला धुआं दूर से दिखाई दे रहा था। मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग को अन्य वाहनों तक फैलने से रोकने के लिए, पास खड़ी सुरक्षित गाड़ियों को ट्रैक्टर और अन्य साधनों से खींचकर दूर हटाया गया। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर पानी की बौछार कर आग को शांत किया। हालांकि, तब तक 13 एंबुलेंस पूरी तरह जल चुकी थीं। बताया गया है कि परिसर में लगभग 42 पुरानी एंबुलेंस लंबे समय से खड़ी थीं। स्वास्थ्य विभाग इन वाहनों के मूल्यांकन और स्क्रैप करने की प्रक्रिया में था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने इन पुरानी गाड़ियों के मूल्यांकन के लिए पूर्व में एआरटीओ को पत्र भी भेजा था। फिलहाल, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply