मुजफ्फरनगर के थाना नई मंडी क्षेत्र की अवध विहार कॉलोनी में एक महिला कई महीनों से अपने ससुराल के गेट के बाहर खुले आसमान के नीचे धरने पर बैठी है। पूजा नाम की यह महिला अपने पति और तीन साल के बच्चे को वापस पाने की मांग कर रही है। कड़ाके की ठंड और बिगड़ते स्वास्थ्य के बावजूद वह अपनी मांग पर अड़ी हुई है। पूजा मूल रूप से सहारनपुर जिले के देवबंद की निवासी है। उसकी शादी 29 जून 2020 को मुजफ्फरनगर के अवध विहार निवासी नितिन धनकर से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग करने का आरोप है। पूजा के अनुसार, दहेज न देने पर उसे कथित तौर पर मारपीट का शिकार बनाया गया और बाद में घर से निकाल दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वालों ने उसके तीन साल के मासूम बच्चे को भी उससे छीन लिया है। पति नितिन पिछले एक साल से उससे कोई संपर्क नहीं कर रहे हैं। पूजा का कहना है कि ससुराल पक्ष ने पति को अपने प्रभाव में लेकर उसे उससे दूर रखा है। पति ने कोर्ट में तलाक की कार्यवाही भी शुरू की है, लेकिन पूजा किसी भी कीमत पर तलाक नहीं चाहती। वह केवल अपने पति और बच्चे के साथ सम्मानजनक जीवन जीना चाहती है। ठिठुरती ठंड में धरने पर बैठी पूजा की शारीरिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उसके हाथ-पैर सूज गए हैं और स्वास्थ्य खराब हो रहा है। इसके बावजूद वह न्याय की उम्मीद में डटी हुई है। उसने कई बार थाना नई मंडी में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़िता के पिता विजय पाल ने भी प्रशासन से न्याय की अपील की है। उन्होंने बताया कि शादी में अपनी पूरी क्षमता से 3 लाख रुपए नकद, 6 तोला सोना और ढाई किलो चांदी दी थी। इसके बावजूद ससुराल वालों की दहेज लालच नहीं रुकी और बेटी को प्रताड़ित किया गया। एक महिला महीनों से सड़क पर न्याय की प्रतीक्षा कर रही है, लेकिन समाधान दूर की कौड़ी बना हुआ है। अब देखना यह है कि प्रशासन कब इस पीड़िता की पुकार सुनता है और उसे इंसाफ दिलाता है।
https://ift.tt/0qlk7a1
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply