गाजीपुर। साहित्य चेतना समाज द्वारा पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र को ‘गाजीपुर गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 5 अप्रैल को गाजीपुर नगर के बंधवा स्थित शहनाई पैलेस में आयोजित 41वें वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं ‘चेतना महोत्सव-2026’ के दौरान प्रदान किया जाएगा। संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ ने बताया कि यह सम्मान हर वर्ष जनपद की ऐसी विभूति को दिया जाता है, जिसने किसी क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दिया हो। इस वर्ष यह सम्मान सैदपुर तहसील के मलिकपुर गांव निवासी कलराज मिश्र को उनके लगभग छह दशक लंबे स्वच्छ और सक्रिय राजनीतिक व सामाजिक जीवन के लिए प्रदान किया जा रहा है। कलराज मिश्र उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार में मंत्री रह चुके हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के राज्यपाल के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं।
प्रतियोगिता प्रभारी प्रभाकर त्रिपाठी के अनुसार, समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के चयनित प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत करेंगे। समारोह की तैयारियों पर चर्चा के लिए सचिव हीरा राम गुप्ता के पीरनगर स्थित आवास पर एक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक की अध्यक्षता डॉ. रविनन्दन वर्मा ने की, जबकि संचालन संजीव गुप्त ने किया। इसमें राजीव कुमार मिश्र, शशिकांत राय, आनंद प्रकाश अग्रवाल, मनोज सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply