बांदा जनपद के बदौसा थाना क्षेत्र के हड़हामाफी गांव में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कच्चे कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 21 वर्षीय शिवविलास वर्मा उर्फ सोनू वर्मा, पुत्र स्वर्गीय अवधेश वर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है। मृतक के भाई दादूराम वर्मा ने बताया कि शिवविलास करीब एक सप्ताह पहले बंगलौर से ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए घर आया था। उसे लाइसेंस बनवाने के लिए 5000 रुपये दिए थे। आधार कार्ड में मोबाइल नंबर न जुड़े होने के कारण कुछ दिक्कतें आ रही थीं। शनिवार रात को उसकी बात हुई थी। बीती रात शिवविलास अपने चाचा के घर से मोबाइल चार्जर लेकर आया था। रविवार सुबह जब चाचा बच्चा का 13 वर्षीय पुत्र लवकुश चार्जर लेने पहुंचा, तो उसने दरवाजा अंदर से बंद पाया। खंडहर के रास्ते से देखने पर लवकुश ने शिवविलास को साड़ी के फंदे से लटका देखा, जिसके बाद उसने अपने पिता को सूचना दी। परिजनों ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शव को साड़ी से ढका जाना कई सवाल खड़े करता है। यदि यह आत्महत्या थी, तो शव को साड़ी से ढकने की क्या आवश्यकता थी? इसी बात को लेकर परिवार हत्या का संदेह व्यक्त कर रहा है। मृतक शिवविलास के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसके दो बड़े भाई, दो विवाहित बहनें और एक छोटी बहन हैं। घटना के बाद से बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बहनों सीमा और सपना ने भी आरोप लगाया है कि किसी ने उनके भाई की हत्या कर शव को साड़ी में लपेटकर फंदे से लटका दिया है, जिससे हत्या का संदेह और गहरा हो गया है। थानाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। शव को पोस्टमार्टम के लिए बांदा भेज दिया गया है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply