DniNews.Live

उन्नाव में 17 वर्षीय किशोरी ने की आत्महत्या:घर के कमरे में फांसी पर लटकी मिली, पुलिस जांच जारी

उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के कंचन नगर बी मोहल्ले में 17 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कंचन नगर बी निवासी रामविलास शर्मा की पुत्री साक्षी शर्मा (17) अपने घर के ऊपरी हिस्से में बने कमरे में गई थी। कुछ समय बाद जब वह नीचे नहीं आई, तो उसकी मां बीना शर्मा उसे देखने कमरे में पहुंचीं। वहां साक्षी छत के पंखे के कुंडे से फांसी के फंदे पर लटकी मिली। बेटी को इस हालत में देखकर मां की चीख निकल गई, जिसके बाद घर के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों ने तुरंत फंदा काटकर किशोरी को नीचे उतारा। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं, जिसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए कानपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बिंदा नगर चौकी इंचार्ज लक्ष्मी नारायण द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। किशोरी की मौत की खबर से पिता रामविलास शर्मा और भाई सचिन सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आत्महत्या के पीछे कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। परिजनों ने भी किसी प्रकार की आशंका व्यक्त नहीं की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *