उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के एक मंदिर में चल रहे तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव के दौरान बार बालाओं का डांस दो दिनों तक खुले मंच पर होता रहा। यह मंदिर कोतवाली से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। आयोजकों ने नगर के मोहल्ला जहानपुर स्थित सिद्ध पीठ छोटी काली जी मंदिर में कार्यक्रम के लिए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) से अनुमति मांगी थी। एसडीएम ने कोतवाली पुलिस से रिपोर्ट तलब की। पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में एक दिन देवी जागरण और दो दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम की अनुमति देने की सिफारिश की थी, जिसके आधार पर एसडीएम ने कार्यक्रम की अनुमति प्रदान कर दी। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को स्वयं एसडीएम और कोतवाली पुलिस ने किया था। इसके बाद शुक्रवार और शनिवार की रात को मंदिर परिसर में पूरी रात बार बालाओं का डांस चलता रहा। आयोजकों पर उपजिलाधिकारी को गलतफहमी में रखकर कार्यक्रम का शुभारंभ कराने का आरोप है। यह काली जी मंदिर कोतवाली से मात्र 200 मीटर दूर होने के बावजूद पुलिस को दो रातों तक चले इस नृत्य की कोई जानकारी नहीं हुई। इस घटना से नगर में रात्रि गश्त की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply