जौनपुर में रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बिजली विभाग में तैनात एसएसओ विमल सिंह की कार का स्टेयरिंग अचानक फेल हो गया, जिससे वाहन सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा। गनीमत रही कि कार में सवार एसएसओ समेत दो लोग सुरक्षित बच गए। ग्राम पंचायत औरा निवासी विमल सिंह अपने मित्र विनय उपाध्याय (निवासी भीउरा गांव) के साथ मारुति सियाज कार से बलिया जा रहे थे। शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे नेवढ़िया थाना क्षेत्र के अटरिया (परेवा) गांव के पास उनकी कार का स्टेयरिंग अचानक फेल हो गया। इसके परिणामस्वरूप, कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला। इस दुर्घटना में विमल सिंह और विनय उपाध्याय को हल्की चोटें आईं। देखिए 2 तस्वीरें… स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को तत्काल जौनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत अब खतरे से बाहर है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस तरह से कार गड्ढे में गिरी थी, उससे एक बड़ा हादसा होने की आशंका थी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बाद में, जेसीबी मशीन की सहायता से क्षतिग्रस्त कार को गड्ढे से बाहर निकाला गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।

Leave a Reply