DniNews.Live

बुजुर्ग महिला सल्फास लेकर कोतवाली पहुंची:न्याय न मिलने पर आत्महत्या की धमकी दी, पुलिस कर रही मामले की जांच

पीलीभीत जिले में एक बुजुर्ग महिला न्याय न मिलने से आहत होकर सल्फास की पुड़िया लेकर कोतवाली पहुंची। महिला द्वारा आत्महत्या की धमकी देने पर पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने महिला से जहर छीना और उसे उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह मामला पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र का है। थाना घुंघचाई के ग्राम कढ़ैया कनपारा निवासी शांतिदेवी पत्नी रामपाल का आरोप है कि गांव के कुछ लोग उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं और उन्हें गांव से बेदखल करने की साजिश रच रहे हैं। शांति देवी ने बताया कि विवाद तब बढ़ गया, जब 24 मार्च को बकरियां चराते समय गांव के चार लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। आरोपी दे रहे जान से मारने की धमकी इस मामले में पुलिस ने पहले ही मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, महिला का आरोप है कि आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के कारण वे लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। रविवार सुबह करीब 11 बजे शांतिदेवी पूरनपुर कोतवाली पहुंची। उनके हाथ में सल्फास की पुड़िया देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी और अन्य लोग हैरान रह गए। महिला ने एसडीएम अजीत प्रताप सिंह को संबोधित एक शिकायती पत्र दिखाते हुए चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो वह वहीं जहर खाकर आत्महत्या कर लेंगी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए महिला को घेर लिया। दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद उनके हाथ से सल्फास की पुड़िया छीन ली गई। पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ही बुजुर्ग महिला शांत हुईं। इस मामले पर जानकारी देते हुए कोतवाल पवन कुमार पांडे ने बताया कि यह मामला मूल रूप से घुंघचाई थाने का है। महिला की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है और संबंधित थाने को सख्त निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *