अंबेडकरनगर के अकबरपुर स्थित जिला अस्पताल परिसर में एक युवक का शव उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटका मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 29 वर्षीय पवन कुमार के रूप में हुई है, जो जिला अस्पताल में सीनियर वार्ड मास्टर बांके प्रसाद के पुत्र थे। उनका शव अकबरपुर थाना क्षेत्र के जिला अस्पताल स्थित आवास के एक कमरे में मिला। परिजनों के अनुसार, पवन शनिवार रात खाना खाकर अपने कमरे में गया था। रविवार सुबह काफी देर तक जब पवन का कमरा नहीं खुला, तो परिजनों ने उसे जगाने की कोशिश की। दरवाजा न खुलने पर उन्होंने खिड़की से देखा, जहां पवन का शव पंखे से लटका हुआ था। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया गया है कि पवन कानपुर में नीट (NEET) की तैयारी कर रहा था और शुक्रवार को ही घर आया था। युवक ने फांसी क्यों लगाई, इस संबंध में पुलिस गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply