चंदौली जनपद में ‘मिशन शक्ति’ अभियान के दूसरे चरण के तहत ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। इसी कड़ी में जनपद को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिला कल्याण विभाग द्वारा जन्मी 22 नवजात बच्चियों के परिजनों को बेबी किट और सम्मान पत्र वितरित किए गए। यह अभियान ‘मिशन शक्ति’ के पांचवें चरण के द्वितीय भाग के रूप में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ के लक्ष्य के साथ संचालित हो रहा है। चंदौली के पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय के एसएनसीयू (SNCU) वार्ड में जन्मी इन बालिकाओं के लिए यह किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान, अभिभावकों को बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों से भी अवगत कराया गया। विशेष रूप से, ‘कन्या सुमंगला योजना’ के तहत निर्धारित श्रेणी में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई। महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन को-ऑर्डिनेटर श्रीमती रागिनी सिंह ने बताया कि यह अभियान पिछड़े जनपद में विशेष रूप से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में शिक्षा के अभाव के कारण जागरूकता की कमी देखी गई है, जिसे दूर करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। इस अवसर पर अर्चना देवी, काउंसलर अनीता सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply