प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 132वां संस्करण रविवार को राजधानी लखनऊ में बूथ स्तर तक सुना गया। कैंट विधानसभा से लेकर बीकेटी क्षेत्र तक भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम का श्रवण किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इसे देशवासियों में सकारात्मक ऊर्जा भरने वाला कार्यक्रम बताया और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला।
कैंट विधानसभा के बूथ पर कार्यकर्ताओं संग सुना कार्यक्रम
कैंट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कैंट मंडल-01 के बूथ संख्या 162 पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘मन की बात’ सुनी। इस दौरान महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, उपाध्यक्ष विनायक पांडेय, पार्षद ऋचा मिश्रा समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
डिप्टी सीएम बोले-‘देश में सकारात्मक माहौल बना’
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों में साहस और आत्मविश्वास भरने का काम किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में एक सकारात्मक माहौल बना है और जो भी चुनौतियां हैं, उनसे देश जल्द उबर जाएगा।
समाजवादी पार्टी पर बोला हमला
मीडिया से बातचीत में ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी मानसिक दिवालिएपन का शिकार हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश में गुंडाराज, माफियाराज और लूट का माहौल रहा। उन्होंने कहा कि जनता अब ऐसे शासन को पूरी तरह नकार चुकी है।
बीकेटी और चिनहट में भी हुआ सामूहिक श्रवण
प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा ने बीकेटी विधानसभा क्षेत्र के चिनहट ग्रामीण मंडल के बूथ संख्या-452 पर कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश को जोड़ने और नई ऊर्जा देने का माध्यम बन चुका है, जो हर वर्ग को प्रेरित करता है।
कैबिनेट मंत्री ने आवास पर सुना कार्यक्रम
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ने कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर ‘मन की बात’ का श्रवण किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल संवाद नहीं, बल्कि जनहित और राष्ट्रनिर्माण की दिशा में एक सशक्त पहल है।
सोलर योजना और खेल जैसे विषयों पर चर्चा
इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने ‘ज्ञान भारतम ऐप’, रणजी ट्रॉफी और ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ जैसे विषयों पर चर्चा की। उन्होंने सौर ऊर्जा को हर घर तक पहुंचाने और खेलों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।

Leave a Reply