DniNews.Live

विधायक नफीस अहमद बोले-विपक्ष में रहकर उठाई जनता की आवाज:2027 में सपा सरकार बनेगी, गोपालपुर में 100 बेड का अस्पताल बनाने की मांग

आजमगढ़ की गोपालपुर विधानसभा से सपा विधायक नफीस अहमद का कहना है कि प्रदेश में उनकी सरकार न होने के बावजूद वे लगातार जनता की समस्याओं को सदन से लेकर सड़कों तक उठा रहे हैं। छात्र राजनीति से निकले नफीस अहमद दूसरी बार विधायक हैं और चार साल के कार्यकाल में उन्होंने क्षेत्र में नाली, इंटरलॉकिंग और सड़कों के निर्माण को प्राथमिकता दी है। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने अपने कामकाज, अधूरे प्रोजेक्ट और 2027 के चुनाव को लेकर खुलकर बात की। सवाल: पिछले 4 वर्ष के अपने कामकाज को आप 10 में से कितने नंबर देंगे? जवाब: गोपालपुर की जनता ने 2017 और 2022 में मुझे जिताया है और मुझे भरोसा है कि 2027 में भी जनता आशीर्वाद देगी। जहां तक नंबर देने का सवाल है, यह काम जनता का है। हम लगातार जनता की समस्याओं को उठाते हैं और उन्हें सदन तक पहुंचाते हैं, ताकि उनका समाधान हो सके। हालांकि हमारी सरकार नहीं है, फिर भी हम अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। सवाल: पिछले 4 वर्षों में सबसे बड़ा काम जो आपने कराया हो? जवाब: हमारे क्षेत्र में नाले, नालियों और इंटरलॉकिंग का लगातार निर्माण कराया गया है। हम सत्ता में नहीं हैं, लेकिन यह हमारी जिम्मेदारी है कि जनता की समस्याओं को उठाएं। सड़कों, पानी, किसानों के मुद्दे और गन्ने के मूल्य जैसे सवालों को हमने लगातार उठाया है। कई मामलों में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सफलता भी मिली है। कई महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण कराया गया, जो क्षेत्र की जीवन रेखा मानी जाती थीं। हमारा प्रयास है कि जनता की आवाज बनकर उनकी समस्याओं की लड़ाई लड़ते रहें। सवाल: ऐसा कौन सा काम जिसे आप नहीं करा पाए हैं? जवाब: गोपालपुर को तहसील बनाने की मांग लंबे समय से है। इसको लेकर विधानसभा में सवाल उठाया गया और प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हुआ। इसके अलावा 100 बेड का एक आधुनिक अस्पताल बनाने की मांग है, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े। बाढ़ के समय यहां काफी परेशानी होती है, ऐसे में स्वास्थ्य सुविधाएं जरूरी हैं। साथ ही एक राजकीय डिग्री कॉलेज और युवाओं के लिए स्टेडियम की भी जरूरत है, जिससे छात्र-छात्राओं और युवाओं को बेहतर अवसर मिल सके। सवाल: क्या 2027 के विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदार हैं? जवाब: चुनाव जीतने के बाद भी हमारी तैयारी लगातार चलती रहती है। हमारा काम जनता की सेवा करना और उनके सुख-दुख में साथ खड़ा रहना है। 2017 और 2022 में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मौका दिया और जनता ने भरोसा जताया। आगे भी जनता का समर्थन मिलेगा, ऐसा विश्वास है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *