बुलंदशहर के वलीपुरा में आम के बागान को भूमाफियाओं ने काटकर पूरी तरह साफ कर दिया। मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की गई है। आरोप विधायक के बेटे समेत कई लोगों पर लगाया गया है। मामले में जांच के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग के अफसरों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं विधायक ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है। बुलंदशहर के पुरानी कोतवाली निवासी उनेदुल्ला खान ने डीएम को शिकायत में बताया है कि वलीपुरा क्षेत्र में भाजपा विधायक देवेंद्र लोधी के आवास के सामने हरे भरे आम के बाग को भूमाफियाओं द्वारा पूरी तरह काटकर वहां अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही है। डीएम से की गई शिकायत में बताया गया है कि उक्त बागान का मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। इसके बावजूद वन विभाग के कर्मियों की सांठगांठ से इस पर आरी चलाई जा रही है। शिकायतकर्ता ने आम के बागान को काटने में भाजपा विधायक देवेंद्र लोधी के बेटे और उसके दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं मामले में शिकायत के बाद जांच शुरू कर दी गई है। जिला वन अधिकारी डॉ हरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। किसकी अनुमति से बागान का कटान किया जा रहा है, यह भी दिखवाया जा रहा है। वहीं पूरे मामले में भाजपा विधायक देवेंद्र सिंह लोधी का कहना है कि यह राजनीतिक साजिश है। हमारा इससे कोई मतलब नहीं है।

Leave a Reply