देवरिया के लार विकासखंड स्थित नदौली-करचो गौशाला में शनिवार को दो गायों की मौत हो गई। इस घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पशु चिकित्सकों और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में गौशाला में कई गंभीर खामियां सामने आई हैं, जिससे इसके संचालन और देखरेख पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, गौशाला में मानक से अधिक संख्या में गौवंश रखे गए थे। कड़ाके की ठंड के बावजूद कई गायों को खुले में रखा गया था और ठंड से बचाव के लिए काऊकोट की व्यवस्था नहीं थी। चारा-पानी और नियमित देखरेख की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इन दिनों जिले में तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, ऐसे में लापरवाही के कारण गायों की मौत की आशंका जताई जा रही है। शनिवार सुबह गौशाला में मृत गायों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। वीडियो वायरल होते ही प्रशासन हरकत में आया और पशु चिकित्सकों की टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। टीम ने अन्य गायों की जांच की, जिसमें कुछ पशुओं में बीमारी के लक्षण पाए गए। इसके बाद कर्मचारियों को तत्काल उपचार, साफ-सफाई और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। इस मामले पर बृजवासी गौ रक्षक सेना के जिलाध्यक्ष कमलेश कुमार धनगर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि गायों की मौत दुर्भाग्यपूर्ण है और यह स्पष्ट रूप से लापरवाही का परिणाम है। धनगर ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, गौशाला में ठंड से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने और चारे-पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जांच में दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। रविवार को उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (डिप्टी सीबीओ) देवरिया, ओमप्रकाश प्रजापति ने पशु चिकित्सकों की टीम के साथ नदौली-करचो गौशाला का फिर से निरीक्षण किया। उन्होंने सभी गौवंश को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए।
https://ift.tt/faVqkbt
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply