कलक्टरगंज में शनिवार देर रात किशोर के साथ तमंचा लगाकर लूट की घटना फर्जी साबित हुई है। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि कोपरगंज में किशोर की बाइक से स्लिप हो गई थी, जिससे बाइक में रखा रुपया गिर गया। घर में डांट न पड़े इसलिए किशोर ने लूट की कहानी रची। खुलासा होने के बाद किशोर के परिजनों की ओर से एक माफीनामा भी पुलिस को दिया गया है। 6 बदमाशों के रायफल तानने की बात कही थी सुतरखाना निवासी मो. इकबाल की जरीब चौकी पर जूस की दुकान है। उनकी तबियत खराब होने के कारण 15 वर्षीय बेटा रेहान कर्मचारियों के साथ दुकान की देख रेख करता था। रेहान के मौसी के बेटे बबलू ने बताया था कि शनिवार रात वह दुकान से 45 हजार रुपए लेकर बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में सीपीसी माल गोदाम गेट नंबर 4 के पास उनकी बाइक के आगे बिना नंबर की ओमनी कार आकर रूकी, जब तक वह कुछ समझ पाता कार से उतरे नकाबपोश 6 लोग उसे गली की तरफ ले गए। इसके बाद आरोपियों ने उसे राइफल दिखाकर 45 हजार रुपए लूट लिए। 11:23 पर घर जाते हुए फुटेज में दिखा घटना की जानकारी पर पुलिस ने जांच शुरू की तो पूरी घटना फर्जी निकली। कलक्टरगंज थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें कोई ओमनी कार कैद नहीं हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि कोपरगंज में किशोर 11 बजकर 23 मिनट पर बाइक से जाता हुआ दिखा और 7 मिनट में रात 11:30 बजे घर पहुंच गया। किशोर से गहन पूछताछ की गई तो उसने बताया कि कोपरगंज में ही उसकी बाइक स्लिप हो गई थी, इस दौरान पैसे गिर गए। वह घर पहुंचा तो रुपए गायब मिले, परिजनों की डांट से बचने के लिए उसने फर्जी लूट की कहानी रच दी।

Leave a Reply