DniNews.Live

विधायक अभिजीत सिंह सांगा बोले-2027 में बड़े अंतर से जीतूंगा:9 साल में विकास की गंगा बहाई, 250 गांवों में जहां रोशनी सपना थी, वहां बिजली पहुंचाई

कानपुर की बिठूर विधानसभा से दूसरी बार भाजपा विधायक बने अभिजीत सिंह सांगा ने दावा किया है कि युवा शक्ति और जनता के लिए किए गए विकास कार्य उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 9 साल में क्षेत्र में व्यापक विकास हुआ है और 2027 के विधानसभा चुनाव में वे बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगे। सांगा ने कहा कि उन्हें अपनी कार्यशैली पर अटूट भरोसा है और पार्टी निश्चित रूप से उन्हें टिकट देगी। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में अभिजीत सिंह सांगा ने अपने कार्यकाल, विकास कार्यों और आगामी चुनाव को लेकर क्या कहा? पढ़िए सवाल-जवाब… सवाल- सांगा जी, आप अपने आप को विधानसभा में किए गए काम के लिए कितने नंबर देंगे?
जवाब- नंबर देने की बात है तो वो तो हमें जनता देती है। यह आत्मविश्वास है कि मेरे द्वारा और योगी और मोदी जी के आशीर्वाद से हमने विकास की गंगा बहाई है। हमने उन मार्गों को बनवाया जहां पहले बाइक नहीं जा सकती थी, आज वहां बड़े वाहन दौड़ रहे हैं। मैंने 9 साल में हजारों करोड़ रुपये की योजनाओं से मार्ग बनवाए। 250 ऐसे गांव थे जहां बिजली नहीं थी, वहां बल्ब, खंभा कुछ नहीं था। वहां बिजली पहुंचाने का काम किया है। वहां रोशनी एक सपना हुआ करती थी, 2019 तक हमने वहां रोशनी पहुंचा दी। इसके अलावा लॉजिस्टिक पार्क बन चुका है। इसके अलावा फुटवियर पार्क भी बन गया है। ऐसे अनेकों काम हैं जो मैंने जनता के लिए किए हैं। सवाल- अपनी विधानसभा में आपने कौन सा सबसे बड़ा काम कराया?
जवाब- मैंने काम के मामले में ऐसे काम कराए जो एक नहीं कई हैं। जैसे रिंग रोड कानपुर की तस्वीर को बदलने जा रही है, कानपुर की तकदीर भी बदलने जा रही है। इसका 70 प्रतिशत एरिया बिठूर में बनने जा रहा है। सवाल- विधायक जी, ऐसा कौन सा कार्य है जो आपको लगता है कि अभी बाकी रह गया है?
जवाब- विकास एक सतत प्रक्रिया है, जिसमें यह नहीं कहा जा सकता कि कोई काम नहीं बचा, और न ही यह कि सारे काम हो गए। अनेक काम अभी भी बाकी हैं। बिठूर एक ऐतिहासिक धरती है, जहां रानी लक्ष्मीबाई रही हैं। इसके अलावा यहां मां गंगा प्रवाहित होती हैं। कानपुर का उद्योग भी बिठूर की तरफ बढ़ रहा है। ऐसी अनेक योजनाएं हैं जिन पर हम काम कर रहे हैं। आने वाले समय में बिठूर से ही कानपुर की पहचान बनने जा रही है। सवाल- क्या लगता है विधायक जी, आपकी दावेदारी है?
जवाब- मैं तो फाइटर आदमी हूं। चुनाव तो हमारे काम का एक पैमाना है, लेकिन हम लोगों को न्याय और सम्मान दिलाने का कार्य करते हैं। लोग जातिवाद की राजनीति करते हैं। विकास अलग मापदंड है और लोगों के साथ खड़ा होना अलग बात है। जब ये दोनों एक साथ हों तो फिर दावेदारी की क्या ही बात की जाए। सवाल- बिठूर विधानसभा एक बड़ी विधानसभा है, इसके विकास में किस तरह काम करते हैं?
जवाब- 2017 में मैं विधायक बना और सौभाग्य है कि एक संत के नेतृत्व में यूपी का विकास शुरू हुआ। जिस तरह से विकास हो रहा है, आने वाले समय में कानपुर न सिर्फ यूपी बल्कि देश में भी अपनी पुरानी पहचान को फिर से प्राप्त करेगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *