DniNews.Live

विधायक बाबूलाल बोले- 2027 में 100% चुनाव लड़ूंगा:फतेहपुर सीकरी में पानी की समस्या दूर करेंगे, जनता मेरे काम की गवाह

आगरा की फतेहपुर सीकरी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल एक बार फिर अपने बागी तेवरों को लेकर सुर्खियों में हैं। अपनी ही पार्टी की टिकट वितरण प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए उन्होंने साफ कहा कि भाजपा अच्छी पार्टी है, लेकिन कई बार ऐसे उम्मीदवारों को टिकट दे देती है जिन्हें जनता पसंद नहीं करती। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने बेबाक अंदाज में कहा कि वह “100 प्रतिशत चुनाव लड़ेंगे।” तीन बार विधायक और एक बार सांसद रह चुके बाबूलाल ने अपने चार साल के कार्यकाल को 10 में 10 नंबर दिए और विकास कार्यों के साथ क्षेत्र की जनभावनाओं को अपनी राजनीति का केंद्र बताया। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने पार्टी, चुनाव और क्षेत्रीय विकास पर खुलकर अपनी बात रखी। पढ़िए सवाल-जवाब… सवाल: क्या आप 2027 का चुनाव लड़ेंगे? जवाब: इस बार मैं बिल्कुल चुनाव लड़ूंगा। मैं 100 प्रतिशत चुनाव मैदान में उतरूंगा। जनता के बीच लगातार सक्रिय हूं और मुझे पूरा भरोसा है कि क्षेत्र की जनता फिर से अपना आशीर्वाद देगी। सवाल: भाजपा से टिकट मिलने को लेकर क्या कहना है? जवाब: इसमें कोई शक नहीं है कि भाजपा एक अच्छी पार्टी है और हम उसका दिल से सम्मान करते हैं। लेकिन हमारी समझ में यह बात नहीं आती कि कई बार जनता जिस उम्मीदवार को नहीं चाहती, पार्टी उसी को टिकट दे देती है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर के खिलाफ मेरे बेटे रामेश्वर चौधरी ने निर्दलीय चुनाव लड़ा था। हमने वह चुनाव जनता की भावना के अनुरूप लड़ा। क्षेत्र की बड़ी आबादी नहीं चाहती थी कि उन्हें टिकट मिले, इसलिए जनभावना का सम्मान करते हुए हमने चुनाव लड़ा। हार-जीत अलग बात है, लेकिन जनता सब जानती है। सवाल: अपने चार साल के कार्यकाल को कितने नंबर देंगे? जवाब: मैं अपने काम के लिए खुद को 10 में से 10 नंबर दूंगा, बल्कि 0.1 प्रतिशत भी कम नहीं दूंगा। मैंने बिना किसी जाति या भेदभाव के क्षेत्र की जनता के बीच काम किया है। जनता इस बात की गवाह है कि हमने हर वर्ग के लिए काम किया है। सवाल: आपके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि क्या रही? जवाब: नगला छदरे से साई गांव तक 39 करोड़ रुपये की लागत से बेहतरीन सड़क तैयार कराई गई है। यह सड़क आगे मथुरा के दाऊजी तक जाती है। इससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है और मथुरा से सीधी कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। यह हमारे क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात है। सवाल: आने वाले समय में किस काम को प्राथमिकता देंगे? जवाब: मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता पानी की उपलब्धता है। राजस्थान सीमा से लगे कई गांवों और इलाकों में पानी की गंभीर समस्या है। आने वाले समय में इस समस्या का स्थायी समाधान कराना मेरा प्रमुख लक्ष्य रहेगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *