DniNews.Live

गंगा स्नान के दौरान 14 वर्षीय बालक की डूबकर मौत:बरेली के रामगंगा घाट पर हादसा, दो बच्चों को बचाया गया

बरेली के सिरौली क्षेत्र में शनिवार शाम गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 14 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। यह घटना मीरगंज के कैलाश गिरी रामगंगा घाट पर करीब 4 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, मीरगंज क्षेत्र के मनकर गांव से करीब 50-60 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर गंगा स्नान और भंडारे के लिए घाट पर पहुंचे थे। स्नान के दौरान अनमोल, कपिल और अर्जुन नाम के तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत प्रयास कर अनमोल और कपिल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अर्जुन गहरे पानी में डूब गया। मनकरा निवासी अजय शर्मा ने बताया कि मृतक अर्जुन उनका साला था और ढकिया शाहाबाद का रहने वाला था। वह गांव में जागरण देखने आया था और बिना बताए अन्य लोगों के साथ गंगा स्नान के लिए चला गया था। घटना की सूचना मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सिरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चे की तलाश शुरू की गई। देर रात तक शव बरामद नहीं हो सका था। पुलिस ने गंगा में करीब 500 मीटर के दायरे में जाल डलवाकर सर्च अभियान जारी रखा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *