लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ में 121वें ऐतिहासिक चैती मेले का शनिवार रात शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि सीडीओ अभिषेक कुमार और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने ट्रेनी आईएएस मनीषा धायें तथा एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी के साथ मेला मैदान के प्रथम गेट पर फीता काटकर इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। आचार्य लवकुश शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया। उद्घाटन के पश्चात, अतिथियों ने पालिका अध्यक्ष के साथ राजेंद्र गिरि की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने मेला परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यह चैती मेला लगभग 120 वर्ष पुराना है और इस वर्ष इसका 121वां आयोजन किया जा रहा है। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने मेले के लिए 40 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है। यह मेला 28 मार्च से शुरू होकर 16 अप्रैल तक, कुल 20 दिनों तक चलेगा। मेले में दूर-दराज से आए दुकानदारों ने झूले, खेल-तमाशे, होजरी, हरमाल और विभिन्न प्रकार के व्यंजनों की दुकानें लगाई हैं। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मेला मैदान में एक अस्थायी कोतवाली स्थापित की गई है। इसकी जिम्मेदारी क्राइम इंस्पेक्टर संतोष कुमार को सौंपी गई है। मेले के सांस्कृतिक मंच पर इन 20 दिनों के दौरान लोकनृत्य, भजन संध्या, कवि सम्मेलन, कव्वाली, पंजाबी नाइट, खाटू श्याम संकीर्तन, रामायण मंचन और स्कूली बच्चों के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों से स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को एक मंच मिलेगा। उद्घाटन के बाद सांस्कृतिक मंच पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रमों की शुरुआत हुई, जिसमें रामायण का मंचन प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर सभासद हर्ष अवस्थी, सत्रोहन मिश्र, धीरज वाजपेई, अमित शुक्ला, विजय बाजपेई, बार संघ के महामंत्री संदीप अवस्थी, सीओ अरुण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर अंबर सिंह, द्वारिका प्रसाद रस्तोगी, अरुण अवस्थी, रविंद्र कटियार और धीरज बाजपेयी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। नगर पालिका परिषद के तत्वावधान में आयोजित इस चैती मेले के सांस्कृतिक मंच पर आज शाम 7 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।

Leave a Reply