अयोध्या में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस विभाग ने मिल्कीपुर सर्किल क्षेत्र में एक नया थाना और पांच पुलिस चौकियां स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए तहसील प्रशासन से भूमि की मांग की गई है, जिसकी पहचान कर ली गई है और भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जारी है। भूमि मिलने के बाद इसका प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। क्षेत्राधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि सर्किल के थाना इनायत नगर क्षेत्र में स्थित हैरिग्टनगंज पुलिस चौकी को थाना बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। इसके लिए पारा ताजपुर ग्राम पंचायत में जमीन चिन्हित की गई है। इसके अतिरिक्त, इनायत नगर के तरौली बाजार और कुचेरा में भी दो नई पुलिस चौकियां बनाने के लिए भूमि चिन्हित की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि खण्डासा थाना क्षेत्र में दो और कुमारगंज थाना क्षेत्र में एक पुलिस चौकी के लिए राजस्व विभाग के माध्यम से जमीन चिन्हित कर ली गई है। इन जमीनों को पुलिस विभाग के नाम पर हस्तांतरित करने की प्रक्रिया जारी है, जिसका आवंटन शीघ्र होने की उम्मीद है। भूमि आवंटन के बाद इन स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू होगा और नए थाने व पुलिस चौकियों का संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा। क्षेत्राधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि इन चौकियों की स्थापना मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में की जा रही है, जहां विभिन्न संप्रदायों के लोग रहते हैं। इन स्थानों का चयन कई महत्वपूर्ण कारकों को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने चिन्हित जमीनों का स्थलीय निरीक्षण भी किया है।

Leave a Reply